Up-राजधानी में सुरक्षा अभियान तेज, बेसमेंट में अवैध कारोबार करने वालों पर एलडीए की नजर

जनसुरक्षा पर एलडीए का फोकस, बेसमेंट में चल रही अवैध गतिविधियों पर चलेगा सख्त अभियान
लखनऊ। राजधानी में लोगों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य के साथ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बेसमेंट में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को मण्डलायुक्त एवं एलडीए अध्यक्ष विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई प्रवर्तन समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जहां भी सुरक्षा मानकों और भवन उपविधियों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
122 प्रतिष्ठानों की जांच में सामने आईं खामियां
एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के 122 होटल, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण, बेसमेंट का व्यावसायिक उपयोग तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई।
कई बड़े प्रतिष्ठान जांच के दायरे में
संयुक्त सर्वे में गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में 16वें तल पर स्वीकृत छत की जगह स्काई बार संचालित मिला। इसके अलावा ग्रीन बेल्ट के नीचे अवैध बेसमेंट निर्माण भी पाया गया।
होटल नोवोटेल में बेसमेंट पार्किंग का उपयोग बेकरी, स्टाफ रूम और लॉन्ड्री के रूप में किया जा रहा था। आशियाना स्थित होटल पिनैकल तथा विभूति खंड स्थित होटल सैवी ग्रैंड में भी पार्किंग क्षेत्र का उपयोग बैंक्वेट हॉल एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किए जाने की बात सामने आई। होटल लीनेज में भी अनियमितताएं दर्ज की गईं।
नियम नहीं माने तो होगी सीलिंग
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को तत्काल नोटिस जारी किए जाएं। यदि निर्धारित समय के भीतर अनियमितताएं दूर नहीं की जाती हैं तो नियमानुसार परिसर को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जहां अवैध निर्माण स्पष्ट रूप से सामने आया है, वहां पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
पूरे शहर में चलेगा विशेष अभियान
एलडीए ने होटल, अस्पताल, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर क्लासेस, जिम सहित ऐसे सभी भवनों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। विशेष रूप से बेसमेंट में संचालित गतिविधियों की जांच कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
जनहित में बड़ा कदम
राजधानी में लगातार बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच एलडीए की यह पहल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर अंकुश लगने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में संभावित हादसों की आशंका भी कम होगी।


