उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP सूचना विभाग ने डिजिटल युग में बढ़ाया कदम, ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

सूचना प्रवाह’ के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचेगी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी

सूचना विभाग ने डिजिटल युग में बढ़ाया कदम, ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज

लखनऊ, 18 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया। लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से चैनल का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नव प्रारंभ किए गए यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रमाणिक एवं त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो तथा विभिन्न सरकारी अभियानों का नियमित प्रसारण भी इस मंच पर किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त सेतु साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल एवं आकर्षक रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ‘सूचना प्रवाह’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को योजनाओं की समयबद्ध और सही जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यूट्यूब चैनल जनहित से जुड़ी सूचनाओं के प्रसार का एक प्रभावी मंच बनेगा और शासन तथा आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करेगा।

‘सूचना प्रवाह’ के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचेगी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी

Related Articles

Back to top button