मातृशक्ति के सशक्तिकरण और कुटुंब प्रबोधन पर हुआ मंथन, विश्व मांगल्य सभा की दो दिवसीय बैठक संपन्न
"मातृशक्ति के सशक्तिकरण पर जोर, विश्व मांगल्य सभा की दो दिवसीय बैठक लखनऊ में संपन्न"

मातृशक्ति के सशक्तिकरण और कुटुंब प्रबोधन पर हुआ मंथन, विश्व मांगल्य सभा की दो दिवसीय बैठक संपन्न

लखनऊ। विश्व मांगल्य सभा, अवध प्रांत की दो दिवसीय बैठक 16 एवं 17 जून को सीतापुर रोड स्थित एस.आर. इंस्टीट्यूट में संपन्न हुई। बैठक में मातृशक्ति के माध्यम से समाज में संस्कार, सदाचार, सामर्थ्य और सेवा के मूल्यों को स्थापित करने तथा संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के प्रथम दिवस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक राम जी भाई एवं सामाजिक समरसता प्रमुख अवध प्रांत राजकिशोर जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विश्व मांगल्य सभा की अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री डॉ. पूजा देशमुख तथा धर्म संस्कृति शिक्षा विभाग की अखिल भारतीय सह संयोजिका सुरभि श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे।
द्वितीय दिवस के कार्यक्रम में अखिल भारतीय कुटुंब प्रबोधन क्षेत्रीय प्रमुख ओमपाल जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संगठन में कुछ नए दायित्वों की भी घोषणा की गई।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मातृशक्ति समाज निर्माण की धुरी है और सशक्त परिवार ही सशक्त समाज की आधारशिला बनते हैं। परिवारों में नैतिक मूल्यों की स्थापना, महिलाओं की भूमिका, संगठन की कार्यपद्धति तथा कुटुंब प्रबोधन के विभिन्न आयामों पर गंभीर चिंतन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं में सदाचार, आत्मबल और सेवाभाव का विकास कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना विश्व मांगल्य सभा का प्रमुख उद्देश्य है। जब तक मातृशक्ति सशक्त नहीं होगी, तब तक समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम में विश्व मांगल्य सभा अवध प्रांत की अध्यक्ष नमिता शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहनों ने सहभागिता की। बैठक का समापन आगामी कार्ययोजनाओं एवं संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।
“मातृशक्ति के सशक्तिकरण पर जोर, विश्व मांगल्य सभा की दो दिवसीय बैठक लखनऊ में संपन्न”



