सामाजिक सुरक्षा और बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित, श्रमिक कल्याण योजनाओं का हुआ प्रचार-प्रसार

सामाजिक सुरक्षा और बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित, श्रमिक कल्याण योजनाओं का हुआ प्रचार-प्रसार
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जन-कल्याण के” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को लखनऊ में सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 एवं बाल श्रम उन्मूलन विषयक जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अपर श्रमायुक्त कार्यालय, ए.पी. सेन रोड स्थित सभागार में अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रमिक अधिकारों और बाल श्रम उन्मूलन से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के तहत इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र स्थित लेबर अड्डे पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान 15 श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया तथा अन्य श्रमिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा कौशल विकास, तकनीकी उन्नयन एवं प्रमाणन (आरपीएल) योजना के अंतर्गत मलिहाबाद और मोहनलालगंज विकास खंडों में विशेष शिविर लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण किया गया। वहीं बक्शी का तालाब क्षेत्र में भी श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने, पंजीकरण कराने और विभिन्न लाभकारी योजनाओं में आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विशेष स्टॉल लगाए गए।
अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों के बीच निरंतर जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि वे उपलब्ध सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें।



