लखनऊ

बिजली कटौती पर सख्त हुए विधायक ओपी श्रीवास्तव, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

बिजली कटौती पर सख्त हुए विधायक ओपी श्रीवास्तव, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

लखनऊ पूर्वी विधानसभा में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर हुई समीक्षा बैठक

लखनऊ, 7 जून 2026। लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में लगातार मिल रही बिजली कटौती, अनियोजित शटडाउन और विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ओपी श्रीवास्तव ने रविवार को इंदिरा नगर स्थित अपने कार्यालय पर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक बुलाई।

बैठक में मुख्य अभियंता सुशील कुमार गर्ग, अधीक्षण अभियंता (कॉमर्शियल) प्रेमलता, अधीक्षण अभियंता (टेक्निकल) नवीन चंद्रा, अधिशासी अभियंता अभय कुमार समेत क्षेत्र के सभी एसडीओ, अवर अभियंता एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

अनावश्यक बिजली कटौती रोकने के निर्देश

बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से प्राप्त शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही किसी भी प्रस्तावित शटडाउन की जानकारी उपभोक्ताओं को समय से उपलब्ध कराई जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनता को मिले निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली

विधायक ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित और स्थायी समाधान किया जाए तथा जर्जर लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होने पर शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।

विद्युत व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे सुधार एवं रखरखाव कार्यों की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक के अंत में विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को राहत दिलाने के लिए विद्युत विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button