
🏏 लखनऊ में IPL का नया ठिकाना: राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर फ्री लाइव स्क्रीनिंग
लखनऊ। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब शहरवासी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के रोमांचक मुकाबलों का आनंद खुले माहौल में एक साथ बैठकर उठा सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की पहल पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आईपीएल मैचों की लाइव स्क्रीनिंग शुरू की जा रही है।
एलडीए उपाध्यक्ष ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को एक साझा मंच देना है, जहां वे परिवार और दोस्तों के साथ मैच का लुत्फ उठा सकें और खेल के प्रति उत्साह को बढ़ावा मिले।
हाई क्वालिटी स्क्रीनिंग और बेहतर व्यवस्था
प्रथमेश कुमार ने बताया कि दर्शकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, ताकि स्टेडियम जैसा अनुभव मिल सके। साथ ही सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
रात तक खुला रहेगा स्थल
आईपीएल मैचों की स्क्रीनिंग के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बंद होने का समय भी बढ़ाया जाएगा, जिससे दर्शक बिना किसी व्यवधान के पूरा मैच देख सकें।
ट्रायल रन रहा सफल, एंट्री बिल्कुल फ्री
इस सुविधा की शुरुआत से पहले गुरुवार रात एक ट्रायल रन किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। एलडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मैच देखने के लिए दर्शकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मनोरंजन के साथ सामाजिक पहल
एलडीए की यह पहल न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास अनुभव साबित होगी, बल्कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का नया केंद्र बनाने की दिशा में भी अहम कदम मानी जा रही है।


