लखनऊ: परिवहन निगम कर्मियों के आश्रितों को अब मिलेगा तत्काल ₹20 हजार, मंत्री दयाशंकर सिंह का बड़ा फैसला

लखनऊ: परिवहन निगम कर्मियों के आश्रितों को अब मिलेगा तत्काल ₹20 हजार, मंत्री दयाशंकर सिंह का बड़ा फैसला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने परिवहन निगम कर्मियों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि उ.प्र. राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की यात्री राहत योजना, जो 13 फरवरी 2016 से लागू है, उसमें महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है।
मंत्री ने बताया कि अब नए प्रावधानों के तहत निगम में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान किसी भी कारण से मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल ₹20,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि निगम की आय से दी जाएगी और बाद में इसे यात्री राहत एवं सुरक्षा योजना से समायोजित किया जाएगा।
पहले क्या था प्रावधान
अब तक इस योजना के अंतर्गत मुख्य रूप से बस दुर्घटना में चालक या परिचालक की मृत्यु होने पर ही आर्थिक सहायता का प्रावधान था। लेकिन संशोधन के बाद दायरा बढ़ाते हुए सभी प्रकार के कर्मचारियों को इसमें शामिल कर लिया गया है।
कार्मिकों के हित में लिया गया फैसला
मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह निर्णय परिवहन निगम कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि निगम लगातार यात्रियों और कर्मचारियों दोनों के लिए बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा सहारा
इस फैसले से अब किसी भी कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके परिवार को तत्काल आर्थिक सहारा मिल सकेगा, जिससे कठिन समय में उन्हें कुछ राहत मिल पाएगी।


