Lucknow-शिशु की मौत पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट साफ: SIDS कारण, टीकाकरण सुरक्षित—सीएमओ

शिशु की मौत पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट साफ: SIDS कारण, टीकाकरण सुरक्षित—सीएमओ
📍 लखनऊ, 11 अप्रैल। माल ब्लॉक के गहदों गांव में दो माह के शिशु की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से किसी भी तरह की भ्रांति से बचने की अपील की है। के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण Sudden Infant Death Syndrome (SIDS) पाया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि SIDS एक ऐसी स्थिति है, जिसमें एक साल से कम उम्र के शिशुओं की अचानक मृत्यु हो जाती है। यह विशेष रूप से 2 से 4 माह के बच्चों में अधिक देखा जाता है और अक्सर नींद के दौरान होता है। कई मामलों में पोस्टमार्टम के बाद भी इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आता।
घटना के बाद सीएमओ के निर्देश पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी , बाल रोग विशेषज्ञ , सीएचसी अधीक्षक सहित टीम ने गांव का दौरा किया और परिजनों से मुलाकात की। टीम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के महत्व और उसकी सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है और यह बच्चों को 12 गंभीर बीमारियों—टिटेनस, टीबी, काली खांसी, गलघोंटू, खसरा, रूबेला, निमोनिया, हेपेटाइटिस, डायरिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, पोलियो और इन्फ्लूएंजा से बचाता है। उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद हल्का बुखार आना सामान्य है और यह इस बात का संकेत है कि शरीर में प्रतिरक्षा विकसित हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिस वायल से उक्त शिशु को टीका लगाया गया था, उसी से सात अन्य बच्चों का भी टीकाकरण किया गया था। इनमें से एक बच्चे को हल्का बुखार और एक को मामूली लूज मोशन की शिकायत हुई, जिन्हें उपचार देकर स्वस्थ कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चों का नियमित टीकाकरण कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।



