उत्तर प्रदेशलखनऊ

Lucknow:पीडब्ल्यूडी ने रचा बजट खर्च का इतिहास: ₹28 हजार करोड़ से अधिक व्यय, लक्ष्य पार कर बनाया रिकॉर्ड

पीडब्ल्यूडी ने रचा बजट खर्च का इतिहास: ₹28 हजार करोड़ से अधिक व्यय, लक्ष्य पार कर बनाया रिकॉर्ड

लखनऊ, 01 अप्रैल 2026। लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट व्यय के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग ने न सिर्फ निर्धारित लक्ष्य हासिल किया, बल्कि उसे पार करते हुए प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति दी है।

विभाग को इस वित्तीय वर्ष में कुल लगभग ₹36,293.95 करोड़ (स्थापना सहित) का बजट प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष ₹30,581.98 करोड़ खर्च किए गए। इस प्रकार कुल बजट का 84.26 प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया गया। वहीं स्थापना व्यय को छोड़कर देखें तो ₹32,676.49 करोड़ के बजट के मुकाबले ₹28,086.82 करोड़ खर्च कर 85.95 प्रतिशत की उच्च उपलब्धि दर्ज की गई।

सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि विभाग ने ₹28,000 करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए ₹28,087 करोड़ का व्यय कर ‘ओवरअचीवमेंट’ हासिल की। यह उपलब्धि विभाग की कार्यकुशलता, प्रभावी वित्तीय प्रबंधन और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष प्रमाण मानी जा रही है।

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में भी विभाग ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जहां पिछले वर्ष ₹23,850 करोड़ खर्च हुए थे, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर ₹28,086.82 करोड़ पहुंच गया, जो विकास कार्यों में तेजी को दर्शाता है।

विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों तक निरंतर प्रगति करते हुए 31 मार्च 2026 तक सभी प्रमुख लक्ष्यों—₹23,000 करोड़ से लेकर ₹28,000 करोड़ तक—को सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि बजट का उपयोग योजनाबद्ध तरीके से किया गया।

इस उपलब्धि के पीछे राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियां, सुदृढ़ वित्तीय अनुशासन, बेहतर प्लानिंग, नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय करने की प्रणाली को प्रमुख कारण माना जा रहा है। पिछले दो महीनों से लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बजट खर्च की मॉनिटरिंग की गई, जिससे कार्यों में तेजी आई और धनराशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित हुआ।

इस पूरे अभियान में प्रमुख सचिव अजय चौहान और प्रमुख अभियंता ए.के. द्विवेदी का नेतृत्व अहम रहा। अधिकारियों के अनुसार, आगे भी विभाग जनहित और आधारभूत संरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को हासिल करने का लक्ष्य रखेगा।

कुल मिलाकर, पीडब्ल्यूडी का यह प्रदर्शन प्रदेश में तेज होते विकास कार्यों और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन का मजबूत संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button