क्राइमलखनऊ

लखनऊ- रहस्यमयी हालात में निजी बैंक के डिप्टी मैनेजर की मौत, गोली लगने से गई जान-गुडम्बा पुलिस जाँच में जुटी

🟥 रहस्यमयी हालात में निजी बैंक के डिप्टी मैनेजर की मौत, गोली लगने से गई जान

लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिलनगर इलाके में एक निजी बैंक के डिप्टी मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अपने घर की दूसरी मंजिल पर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

परिजनों के मुताबिक, सुबह जब पत्नी की नींद खुली तो पति घर में नजर नहीं आए। तलाश करने पर जब वह छत पर पहुंचीं तो खून से लथपथ शव देखकर उनकी चीख निकल गई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

मृतक के सिर में गोली लगने के निशान पाए गए हैं और शव के पास से अवैध पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिस्टल के स्रोत सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात था और अपने परिवार के साथ रहता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ परिचितों में भी शोक की लहर है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई मौत। फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button