Lucknow:रेलवे सुरक्षा में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका, लखनऊ मंडल में 9 प्रशिक्षित श्वान तैनात

रेलवे सुरक्षा में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका, लखनऊ मंडल में 9 प्रशिक्षित श्वान तैनात
लखनऊ, 29 मार्च 2026। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का डॉग स्क्वॉड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
लखनऊ मंडल में कुल 9 प्रशिक्षित डॉग्स तैनात हैं, जिनमें 3 ट्रैकर डॉग्स, 5 स्निफर (विस्फोटक सर्च) डॉग्स और 1 स्निफर नारकोटिक्स डॉग शामिल हैं। ये सभी श्वान रेलवे परिसरों, स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
रेलवे सुरक्षा बल के ये प्रशिक्षित डॉग्स अपने हैंडलर्स के साथ नियमित गश्त करते हैं और सुरक्षा जांच में सक्रिय रहते हैं। विशेष बात यह है कि श्वान और उनके हैंडलर्स को ट्रेन में यात्रा के दौरान प्रथम श्रेणी पास तथा एसी प्रथम कूपे में यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाती है।
इन डॉग्स की सेवा अवधि लगभग 10 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें वे लगातार सुरक्षा कार्यों में योगदान देते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, डॉग स्क्वॉड की सतर्कता और दक्षता के कारण रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। इससे यात्रियों को न केवल सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिल रहा है, बल्कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने की क्षमता भी बढ़ी है।
👉 रेलवे प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए इस तरह की व्यवस्थाओं को और सशक्त किया जाएगा।



