Lucknow:महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, उप मुख्यमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, उप मुख्यमंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
लखनऊ। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोमतीनगर स्थित सेज क्रिकेट एकेडमी में आयोजित स्वर्गीय राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियाँ खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने स्वर्गीय राधिका सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती देते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और महिला खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजक हर्ष वर्धन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है और नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है।
इस अवसर पर आशा मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



