उत्तर प्रदेशरेलवेलखनऊ

Lucknow:लखनऊ मंडल में कार्मिक कार्यों की समीक्षा, समय पर प्रमोशन देने पर जोर

लखनऊ मंडल में कार्मिक कार्यों की समीक्षा, समय पर प्रमोशन देने पर जोर

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में कार्मिक प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने की, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल सहित सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।

गंगोत्री सभागार में आयोजित इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू सिंह और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव भी शामिल हुए।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कार्मिक विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति से खाली होने वाले पदों पर उसी दिन योग्य कर्मचारियों को पदोन्नति देना एक सराहनीय पहल है, जिससे कार्यों में निरंतरता बनी रहती है।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कर्मचारी हित, पदोन्नति, एमएसीपी, रिक्त पदों की स्थिति, प्रशिक्षण, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण और अनुशासनात्मक मामलों पर विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे समयबद्ध प्रमोशन देने में सभी जोनों में प्रथम स्थान पर है और सभी चयन प्रक्रियाएं जून माह के अंत तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 99 श्रेणियों में 1540 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि 382 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ मिला है। साथ ही सेवानिवृत्ति से रिक्त हुए पदों के सापेक्ष 41 कर्मचारियों को तत्काल पदोन्नति प्रदान की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नई योजनाओं के क्रियान्वयन से पहले डेटा विश्लेषण को प्राथमिकता दी जाए, कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवाद व्यवस्था मजबूत की जाए।

बैठक से पूर्व प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने मंडल कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों से संवाद किया और कर्मचारी यूनियनों से सुझाव भी लिए। इसके बाद उन्होंने बादशाहनगर कॉलोनी स्थित मनोरंजन संस्थान का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की। साथ ही मंडलीय चिकित्सालय में मरीजों को फल भी वितरित किए।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button