Lucknow:एलडीए का अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन, 6 निर्माणाधीन बिल्डिंग सील

एलडीए का अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन, 6 निर्माणाधीन बिल्डिंग सील
लखनऊ।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के कई इलाकों में 6 निर्माणाधीन इमारतों को सील कर दिया। यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-6 और जोन-7 की टीमों द्वारा की गई।
प्रवर्तन अभियान के तहत अमीनाबाद, डालीगंज, हुसैनगंज, नाका और चैक क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को चिन्हित कर सीलिंग की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, ये निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक और आवासीय रूप में किए जा रहे थे।
जोन-6 के तहत अमीनाबाद, डालीगंज, हुसैनगंज और नाका में अलग-अलग स्थानों पर हो रहे अवैध निर्माणों को सील किया गया, जबकि जोन-7 की टीम ने चैक क्षेत्र में बन रहे एक बड़े व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स पर कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया।
एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



