एलडीए की सुल्तानपुर रोड परियोजना को नई रफ्तार, आईटी सिटी योजना में आज से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू
रितेश श्रीवास्तव——
लखनऊ। Lucknow Development Authority की सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी आवासीय योजना को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। योजना के पहले चरण में उन लोगों को लॉटरी के माध्यम से प्लॉट दिए जाएंगे, जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी।
जानकारी के अनुसार लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन सुबह 10 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। इस चरण में लैंड पूलिंग योजना के तहत जमीन देने वाले लाभार्थियों को विभिन्न आकार के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
प्राधिकरण ने इस योजना में जमीन सीधे खरीदने के बजाय लैंड पूलिंग मॉडल अपनाया है, जिसके तहत जमीन देने वाले लोगों को विकसित भूमि का एक हिस्सा प्लॉट के रूप में दिया जाएगा। जिन लोगों ने अपनी जमीन परियोजना के लिए दी है, उन्हें लगभग 25 प्रतिशत विकसित भूमि वापस देने का प्रावधान रखा गया है।
पहले चरण में करीब 549 प्लॉट आवंटित किए जाने की तैयारी है। इन प्लॉटों का आकार अलग-अलग रखा गया है, जिसमें लगभग 288, 200, 128, 72, 45 और 35 वर्ग मीटर के प्लॉट शामिल हैं।
यह प्लॉट योजना के सेक्टर 15, 16, 17, 18 और 30 में विकसित किए गए हैं। किस लाभार्थी को किस सेक्टर में और कितने क्षेत्रफल का प्लॉट मिलेगा, यह पूरी तरह लॉटरी प्रक्रिया से तय किया जाएगा।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में केवल उन लोगों को शामिल किया गया है जिन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर लैंड पूलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली थी। इसके बाद योजना के लिए आम लोगों के लिए भी पंजीकरण खोला जाएगा।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि इस योजना के माध्यम से शहर में व्यवस्थित आवासीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में आईटी सिटी क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया ।