लखनऊ-4 दर्जन सीढ़ी चढ़कर 70 साल की बुजुर्ग पहुची नगर निगम के ऑफिस-तवियत हुई खराब
नगर निगम मुख्यालय की लिफ्ट 10 दिन से खराब, अफसरों के विवाद में फंसी मरम्मत की फाइल

नगर निगम मुख्यालय की लिफ्ट 10 दिन से खराब, अफसरों के विवाद में फंसी मरम्मत की फाइल
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय लालबाग में लगी लिफ्ट पिछले करीब दस दिनों से बंद पड़ी है, जिससे शिकायत लेकर आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को एक बुजुर्ग महिला को दूसरी मंजिल तक सीढ़ियां चढ़नी पड़ीं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और सांसें उखड़ने लगीं। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने निगम प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
जानकारी के मुताबिक लिफ्ट खराब होने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने मरम्मत का बोर्ड लगाकर मामला टाल दिया है। सूत्रों का कहना है कि लिफ्ट की मरम्मत से जुड़ी करीब 1 लाख 30 हजार रुपये की फाइल नगर निगम के दो अधिकारियों के बीच चल रही असहमति के कारण अटक गई है। बताया जा रहा है कि भुगतान और प्रक्रिया को लेकर दो अपर नगर आयुक्तों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि एक लाख रुपये से अधिक के भुगतान को जेम पोर्टल के माध्यम से स्वीकृत करना होगा, जिसके कारण प्रक्रिया में देरी हो रही है। इसी वजह से लिफ्ट की मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि नगर निगम हर साल लिफ्ट के रखरखाव पर करीब 60 से 70 हजार रुपये खर्च करता है, लेकिन भुगतान से जुड़े विवाद के चलते इस बार मरम्मत का काम रुक गया है।
फिलहाल नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट की मरम्मत के लिए नई टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही किसी कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। तब तक फरियाद लेकर आने वाले लोगों को सीढ़ियों का ही सहारा लेना पड़ेगा।



