उत्तर प्रदेशनगर निगम लखनऊलखनऊ

लखनऊ नगर निगम मेयर संग प्रतिनिधिमंडल की गुजरात मुख्यमंत्री से हुई शिष्टाचार भेंट- क्या गुजरात मॉडल होगा लखनऊ में – पढ़े पूरी खबर

लखनऊ नगर निगम प्रतिनिधिमंडल की गुजरात मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट

लखनऊ/गांधीनगर:
लखनऊ नगर निगम का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में गुजरात प्रवास पर है। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शहरी विकास, स्वच्छता व्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और नगर निकायों के आपसी सहयोग को लेकर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम की उपाध्यक्ष श्रीमती चरनजीत गांधी, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कई पार्षदों के साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी और मुख्य अभियंता सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
भेंट के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने लखनऊ नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और अहमदाबाद मॉडल से प्रेरणा लेकर उसे लखनऊ में लागू करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि गुजरात के अनुभव लखनऊ को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि गुजरात में शहरी विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं देना है। उन्होंने अहमदाबाद के स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनभागीदारी, मजबूत प्रशासन और आधुनिक तकनीक के समन्वय का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि शहरी प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट निस्तारण, स्मार्ट सिटी समाधान, खेल और पर्यटन अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में गुजरात सरकार अपने अनुभव लखनऊ नगर निगम के साथ साझा करने के लिए सदैव तैयार है।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस भेंट को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे लखनऊ में स्वच्छता, विकास और शहरी प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button