लखनऊ

महिला सशक्तीकरण हेतु “मिशन शक्ति” के दृष्टिगत नगर निगम लखनऊ द्वारा विशेष अभियान का शुभारम्भ

 

महिला सशक्तीकरण हेतु “मिशन शक्ति” के दृष्टिगत नगर निगम लखनऊ द्वारा विशेष अभियान का शुभारम्भ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति” कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ ने नगर आयुक्त  गौरव कुमार के कुशल नेतृत्व में 22 सितम्बर 2025 से 30 दिवसीय विशेष अभियान (फेज–05) का शुभारम्भ किया है।

इस अभियान के अंतर्गत शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में जोनवार एवं वार्डवार कर्मचारियों के कार्य और दायित्व निर्धारित करते हुए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।

आज दिनांक 26 सितम्बर 2025 को नगर निगम लखनऊ के सभी 8 जोनों तथा स्मार्ट सिटी कार्यालय परिसर में महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं जागरूकता हेतु महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई और “मिशन शक्ति” कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर मलिन बस्तियों की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं एवं स्थानीय प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनने के उद्देश्य से मिशन शक्ति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं ने इस जानकारी को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

नगर निगम लखनऊ द्वारा आगामी 100 दिनों तक इस अभियान के तहत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मनिर्भरता के उपायों एवं सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

नगर निगम का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर सशक्त बनाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर अभियान चलाते हुए नियमित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना है।


 

Related Articles

Back to top button