गाजियाबाद-कावड़ियों पर नगर आयुक्त ने की पुष्प वर्षा बांटा प्रसाद
शिवमय हुआ गाजियाबाद नगर निगम, ‘बोल बम’ की गूंज के साथ कांवरियों की सेवा में जुटा प्रशासन

रितेश श्रीवास्तव—-
शिवमय हुआ गाजियाबाद नगर निगम, ‘बोल बम’ की गूंज के साथ कांवरियों की सेवा में जुटा प्रशासन

गाजियाबाद | 22 जुलाई, 2025
कांवड़ यात्रा महोत्सव के दौरान गाजियाबाद ‘बोल बम’ की गूंज से शिवमय हो उठा है। शहर की सड़कों से लेकर नगर निगम के कार्यालय तक चारों ओर भक्ति का माहौल है। गाजियाबाद नगर निगम न केवल कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में जुटा है, बल्कि सेवा भाव से कांवरियों की हर जरूरत का ध्यान भी रख रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम की पूरी टीम सुरक्षा, स्वच्छता और जनसेवा की भावना के साथ 24 घंटे कार्य कर रही है। जलकल विभाग पानी की निर्बाध आपूर्ति हेतु टैंकरों की व्यवस्था संभाले हुए है, वहीं स्वास्थ्य विभाग मंदिरों, शिविरों और कांवड़ रूट पर सफाई सुनिश्चित कर रहा है। प्रकाश व्यवस्था के लिए विभाग पूरी मुस्तैदी से तैनात है।
600 सफाई मित्र भगवा रंग में सेवा के लिए समर्पित
नगर निगम ने इस बार खास पहल करते हुए 600 सफाई मित्रों को भगवा रंग की टीशर्ट पहनाकर ड्रेस कोड निर्धारित किया है। ये सफाई मित्र पूरे कांवड़ रूट पर तीन शिफ्टों में स्वच्छता बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। उनके कर्तव्य और सेवा भाव से हर किसी को नगर निगम की प्रतिबद्धता का एहसास हो रहा है।
महिला कांवरियों के लिए विशेष शिविर
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि महिला कांवरियों की सुविधा हेतु गाजियाबाद नगर निगम द्वारा विशेष शिविरों की व्यवस्था की गई है। इनमें विश्राम, स्नान, शौचालय सहित सभी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इन शिविरों में महिला सफाई मित्रों की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है।
नगर आयुक्त ने स्वयं बांटा प्रसाद, की पुष्प वर्षा
नगर आयुक्त श्री विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वयं शिविरों में पहुंचकर कांवरियों को प्रसाद वितरण किया और पुष्प वर्षा के कार्यक्रम में भाग लिया। साइ उपवन स्थित नगर निगम का शिविर पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त है, जिसमें निगम के कर्मचारी न केवल व्यवस्थाओं को देख रहे हैं बल्कि सेवा भाव से भोजन भी परोस रहे हैं।
सेवा भाव का प्रतीक बना गाजियाबाद नगर निगम
नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद और सफाई मित्र कांवड़ सेवा में इस प्रकार जुटे हैं कि शहर का हर कोना श्रद्धा और सेवा की मिसाल बन गया है। जोनल सैनिटरी ऑफिसर ओमपाल ने बताया कि शहर के प्रमुख रूटों—मिल्क दुहाई गांव से मेरठ रोड तिराहा, सीमापुरी बॉर्डर, मोहन नगर, वसुंधरा, इंदिरापुरम, गोविंदपुरम, डायमंड फ्लाईओवर—पर तीन शिफ्टों में सफाई मित्रों की तैनाती की गई है।
नगर निगम की यह व्यवस्था और समर्पण यह सिद्ध करता है कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था नहीं, सेवा भाव और सामाजिक समरसता का भी उत्सव है, जिसमें गाजियाबाद नगर निगम ने पूरे मनोयोग से भागीदारी निभाई है।



