उत्तर प्रदेशगाजियाबाददेश-विदेश

गाजियाबाद नगर निगम ने तोड़ा वसूली का रिकॉर्ड, टैक्स में हुई 60% अधिक आय, नगर आयुक्त ने सराहा टीम का प्रयास

 


गाजियाबाद नगर निगम ने तोड़ा वसूली का रिकॉर्ड, टैक्स में हुई 60% अधिक आय, नगर आयुक्त ने सराहा टीम का प्रयास

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने पेश की रिपोर्ट, 2024-25 में 619 करोड़ की वसूली से नगर निगम को मिली बड़ी सफलता

गाजियाबाद। शहर के विकास कार्यों को नई गति देने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में कर और करेत्तर वसूली में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। निगम ने पिछले वर्ष की तुलना में 60% अधिक टैक्स वसूली करते हुए कुल 619 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र किया है, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव द्वारा प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में यह आंकड़ा सामने आया। रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां निगम द्वारा 354 करोड़ रुपये की वसूली की गई थी, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा 265 करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी के साथ 619 करोड़ तक पहुंच गया।

नगर आयुक्त ने इस शानदार प्रदर्शन के लिए टैक्स विभाग और सभी जोनल प्रभारियों की पीठ थपथपाई और उन्हें प्रोत्साहित किया। बैठक में सभी जोनों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

हाउस टैक्स के अंतर्गत निगम ने 350 करोड़ रुपये की वसूली की, जबकि करोत्तर (नॉन-टैक्स) मदों से लगभग 270 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। इस उपलब्धि का श्रेय निगम अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों को भी दिया गया, जिन्होंने जागरूकता दिखाते हुए अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन किया।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र की मॉनिटरिंग में किए गए कार्यों की भी सराहना की गई। नगर आयुक्त ने टीम को आगे भी इसी तरह की लगन और पारदर्शिता से काम करते रहने के निर्देश दिए, जिससे गाजियाबाद शहर का समग्र विकास और अधिक गति से हो सके।

नगर निगम का यह प्रयास न केवल आर्थिक दृष्टि से मजबूत बुनियाद रखता है, बल्कि शहर की आधारभूत संरचनाओं और सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button