लखनऊ- FSDA टीम ने गड्ढा खोदा और 760 किलो मिलावटी खोया मिट्टी में मिला दिया
रमजान व होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 760 किलो मिलावटी खोया नष्ट, भारी मात्रा में मिठाइयां जब्त

रमजान व होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 760 किलो मिलावटी खोया नष्ट, भारी मात्रा में मिठाइयां जब्त
लखनऊ। रमजान और आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। आयुक्त महोदया खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उ.प्र. तथा जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश पर 26/27 फरवरी की रात विशेष प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में टीम ने देर रात लगभग 1 बजे संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक पिकअप वाहन को रोका। जांच में वाहन में भारी मात्रा में खोया, मिल्क केक और बर्फी लदी पाई गई, जिन्हें बाजार में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। चालक से FSSAI लाइसेंस और संबंधित अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अनियमितता मिलने पर वाहन को बंथरा थाने में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया गया।
अगले दिन दोपहर विस्तृत जांच के दौरान वाहन में मौजूद 760 किलोग्राम खोया (अनुमानित कीमत लगभग 2.66 लाख रुपये) मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर पूरा खोया मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
इसके अलावा 700 किलोग्राम बर्फी और 180 किलोग्राम मिल्क केक (अनुमानित कीमत करीब 1.34 लाख रुपये) के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। संदिग्ध गुणवत्ता के चलते इन उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है तथा पैक्ड सामग्री को स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाया गया है।
इसी क्रम में 27 फरवरी को ठाकुरगंज खोयामंडी क्षेत्र में ‘Food Safety on Wheels’ के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। व्यापारियों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही लाए गए खोये की प्रारंभिक जांच कर परिणाम से अवगत कराया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



