नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दिए अधिकारियों को निर्देश – पेयजल आपूर्ति हो निरंतर और सुदृढ़
1 min read
गाजियाबाद नगर निगम पेयजल व्यवस्था को लेकर सतर्क, 34 नए 30 HP सबमर्सिबल नलकूपों की योजना
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने दिए अधिकारियों को निर्देश – पेयजल आपूर्ति हो निरंतर और सुदृढ़
गाजियाबाद। गर्मी की दस्तक के साथ ही गाजियाबाद नगर निगम ने पेयजल आपूर्ति को लेकर कमर कस ली है। नगर निगम जलकल विभाग सभी वार्डों में पानी की आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कदम उठा रहा है। निगम की ओर से 30 एचपी क्षमता वाले 34 नए सबमर्सिबल नलकूप लगाने की तैयारी की जा रही है, जिसकी प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार जलकल विभाग ने उन क्षेत्रों को चिन्हित किया है जहां पानी की आपूर्ति में परेशानी आ रही है। विशेष रूप से विजयनगर और सिटी जोन क्षेत्रों में इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि वर्तमान में नगर निगम के अंतर्गत 1100 नलकूप कार्यरत हैं, जिनमें 300 नलकूप 15 से 30 HP और 800 नलकूप 10 HP के हैं। इसके अलावा करीब 6500 हैंडपंप भी जलापूर्ति में लगे हुए हैं। विभाग द्वारा 10 से 15 नए नलकूप लगाए जा रहे हैं, जिनमें नेहरू नगर, लाजपत नगर, सेक्टर-9 विजय नगर, कुटी, जे ब्लॉक प्रताप विहार, राजनगर, रजापुर और वसुंधरा प्रमुख क्षेत्र हैं।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां आवश्यकता हो वहां टैंकरों की संख्या भी बढ़ाई जाए। फिलहाल 70 से 80 टैंकरों के जरिए जल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन मलिन बस्तियों और टैंकर-निर्भर इलाकों में टैंकरों की संख्या और आवृत्ति दोनों को बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
सभी वार्डों में जल आपूर्ति की ग्राउंड लेवल मॉनिटरिंग की जा रही है और खराब नलकूपों की मरम्मत का कार्य भी जारी है। टेंडर प्रक्रिया के जरिए जल्द ही नए नलकूप लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
नगर निगम की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले गर्मी के मौसम में गाजियाबादवासियों को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।