LDA की जनता अदालत में शिकायतों की आई कमी-उपाध्यक्ष ने ताबड़तोड़ निपटाई 31 में से 11 मामले

एलडीए में हुआ जनता अदालत का आयोजन, 31 प्रकरणों में से 11 का मौके पर हुआ निस्तारण
लखनऊ विकास प्राधिकरण में गुरूवार को प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान रजिस्ट्री, नामांतरण, मानचित्र व अवैध निर्माण आदि से सम्बंधित कुल 31 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष मामलों में समय-सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।
एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने के उद्देश्य से गुरूवार को प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया। जिसमें जनता की समस्याओं को सुना गया और इनके निस्तारण के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
जनता अदालत में पहुंचे सीताराम ने प्रार्थना पत्र दिया कि उन्हें जानकीपुरम योजना में चबूतरा आवंटित हुआ है, लेकिन अभी तक रजिस्ट्री नहीं हुयी है। इस पर सम्बंधित अधिकारियों को 15 दिन के अंदर निबंधन की कार्रवाई कराने के निर्देश दिये गये। इस क्रम में फूलबाग निवासी अनीता ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनके पड़ोस में बिल्डर मो0 आतिफ द्वारा 1000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। बिल्डर द्वारा गली में तीन फुट छज्जा निकाला गया है, जिससे आसपास के लोगों को दिक्कत होगी। इस मामले में प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी को 03 दिन में स्थल निरीक्षण करके कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये।
इसके अलावा महानगर निवासी जितेन्द्र कुमार ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनके पड़ोसी द्वारा फ्लैट की बालकनी में अवैध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पर सम्बंधित अधिकारियों को सोसाइटी के आर0डब्ल्यू0ए0 से वार्ता करके कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, उप सचिव माधवेश कुमार, विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार एवं रंजना अवस्थी व जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।



