लखनऊ
लखनऊ-सरोजनीनगर में विकास कार्यों पर मंथन: सफाई, सड़क, जलनिकासी से लेकर झील-तालाब तक की समीक्षा-टीम राजेश्वर सिंह के साथ AMC डॉ राव ने की बैठक

सरोजनीनगर में विकास कार्यों पर मंथन: सफाई, सड़क, जलनिकासी से लेकर झील-तालाब तक की समीक्षा, अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की जमीनी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से गत दिवस एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आशियाना, के-950 स्थित विधायक निवास पर हुई इस बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों व अभियंताओं के साथ जोनवार कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अरविन्द कुमार राव ने विभागीय कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
जोन-05 के जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह, जोन-06 के जोनल अधिकारी अमरजीत, जोन-04 की जोनल अधिकारी शिल्पा तथा जोन-08 के जोनल स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र कुमार गांधी के साथ क्षेत्रवार समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा हुई।
सफाई व्यवस्था, नियमित कूड़ा उठान, जल निकासी की दिक्कतें, क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण और नालों की सफाई को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जोन-08 के अधिशासी अभियंता शील कुमार श्रीवास्तव, जोन-06 के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, जोन-05 के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार शर्मा, जोन-04 के सहायक अभियंता सदानंद प्रसाद तथा जोन-05 के ए.आर. नवीन चन्द्र ने चल रही परियोजनाओं का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में मैंगो गार्डेन की स्थापना, नए सामुदायिक केंद्रों का निर्माण, शिवरी कूड़ा प्लांट, सी एंड डी प्लांट, झीलों एवं तालाबों के संरक्षण-सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह भी दोहराया गया कि सरोजनीनगर क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
इस कार्यक्रम में टीम राजेश्वर सिंह के अखिलेश सिंह समेत कई वरिष्ठ लोग उपस्थित रहे



