लखनऊ
लखनऊ-LDA NEWS:अवैध कॉलोनाइजरों पर सख्ती: 60 बीघा में फैली प्लाटिंग ध्वस्त, हजरतगंज में कॉमर्शियल निर्माण सील

अवैध कॉलोनाइजरों पर सख्ती: 60 बीघा में फैली प्लाटिंग ध्वस्त, हजरतगंज में कॉमर्शियल निर्माण सील
राजधानी में अवैध प्लाटिंग और बिना मानचित्र के निर्माण पर शिकंजा कसते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। चिनहट और दुबग्गा क्षेत्र में करीब 60 बीघा में विकसित की जा रही 10 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि हजरतगंज के पॉश इलाके में एक व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर की गई, जिसमें प्रवर्तन की तीनों जोनों की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के अनुसार, दुबग्गा के ग्राम-मौरा में चीनू गुप्ता, पिंकू सिंह, पंकज सिंह व अन्य द्वारा लगभग 25 बीघा में की जा रही 4 अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
वहीं प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने बताया कि चिनहट के ग्राम-गोइला में विवेक सिंह, भोला वर्मा, विशाल, अर्जुन, लकी यादव, विजय कुमार, निर्मल कुमार व अन्य द्वारा लगभग 35 बीघा में विकसित की जा रही 6 अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि हजरतगंज में बीएन रोड स्थित इस्लामिया कॉलेज के पास करीब 4500 वर्गफीट भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया।
एलडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनाइजरों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


