लखनऊ में अवैध गाड़ी धुलाई सेंटरों पर कार्रवाई की तैयारी, कटेंगे गैरकानूनी पानी कनेक्शन
लखनऊ। राजधानी में अनाधिकृत रूप से संचालित गाड़ी धुलाई (सर्विस) सेंटरों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद संकेत दिए गए हैं कि अवैध जल कनेक्शन पाए जाने पर तत्काल पानी की सप्लाई काटी जाएगी।
महापौर ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति जल दोहन और पानी की बर्बादी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीम शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी।
जो भी गाड़ी धुलाई सेंटर अनाधिकृत जल कनेक्शन या अवैध बोरिंग के माध्यम से पानी का उपयोग करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, जोन-3 के रिंग रोड स्थित सचिवालय कॉलोनी क्षेत्र की डिवाइडर वाली सड़क के दाईं ओर दर्जनों सर्विस सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां बड़े पैमाने पर जल दोहन की शिकायतें मिली हैं।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रतिष्ठानों को नियमों के दायरे में लाया जाएगा। अवैध कनेक्शन मिलने पर न सिर्फ पानी की सप्लाई काटी जाएगी, बल्कि जुर्माना और अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम ने संबंधित संचालकों को चेतावनी दी है कि वे तत्काल अपने कागजात दुरुस्त करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
Back to top button