Lucknow Food Safety Raid 2026:FSDA ने 2 टन से अधिक खाद्य पदार्थ कराया नष्ट, 1600 किलो सीज, 16 नमूने लैब भेजे गए

रमजान-होली से पहले लखनऊ में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई
2 टन से अधिक खाद्य पदार्थ नष्ट, 1600 किलो सीज, 16 नमूने लैब भेजे गए
लखनऊ, 25 फरवरी 2026।
रमजान और आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने राजधानी में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर खोया, घी, दूध, मिठाई, पनीर, खाद्य तेल, बेसन, नमकीन और अन्य उत्पादों के नमूने लिए तथा भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट और सीज किया।
👉 2 टन से अधिक खाद्य पदार्थ कराया गया नष्ट
अभियान के दौरान कुल लगभग 2,141 किलोग्राम खाद्य पदार्थ (अनुमानित मूल्य करीब 14.61 लाख रुपये) मौके पर ही विनष्ट कराए गए। इनमें मिलावटी और खराब गुणवत्ता के खोया, मिठाई और दुग्ध उत्पाद शामिल थे।
👉 1600 किलो खाद्य सामग्री सीज
लगभग 1600 किलोग्राम खाद्य सामग्री (करीब 14.36 लाख रुपये) को गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर सीज किया गया। साथ ही 13,050 किलोग्राम खोया (करीब 32.62 लाख रुपये) की बिक्री और निकासी जांच रिपोर्ट आने तक रोक दी गई।
👉 पराग मिल्क फूड प्रोडक्ट्स में बड़ी कार्रवाई
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित Parag Milk Foods Ltd. के गोदाम में निरीक्षण के दौरान लगभग 21 लाख रुपये मूल्य की खराब मिठाई (गुलाब जामुन मिक्स) और 3240 लीटर डबल टोंड मिल्क को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके अलावा 1,551 किलोग्राम घी (लगभग 14.27 लाख रुपये) को गुणवत्ता संदिग्ध होने पर सीज किया गया।
👉 जेहटा मॉल रोड पर पकड़ा गया मिलावटी खोया
जेहटा मॉल रोड पर दो पिकअप वाहनों को रोककर जांच की गई, जिसमें 113 किलोग्राम खोया (करीब 28,250 रुपये) प्रथम दृष्टया मिलावटी पाया गया। किसी द्वारा स्वामित्व न जताने पर इसे जनहित में तुरंत नष्ट कर दिया गया।
👉 16 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए
अभियान के तहत कुल 16 नमूने संग्रहित कर विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 FSW वैन से जागरूकता अभियान
मुंशीपुलिया, इंदिरानगर में Food Safety on Wheels (FSW) के माध्यम से आमजन को खाद्य मिलावट की पहचान और बचाव के घरेलू तरीके बताए गए। फास्ट फूड, जंक फूड व नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहारों पर मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की सख्ती जारी है और उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसना तय है।



