बरसात से पहले एक्शन में नगर निगम, अपर नगर आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण

बरसात से पहले एक्शन में नगर निगम, अपर नगर आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण
लखनऊ। मानसून से पूर्व जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जोन-7 क्षेत्र में चल रहे नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस्माईलगंज, अरविंदो पार्क, ईश्वरपुरी कॉलोनी, सेक्टर-5 ब्लॉक-सी इंदिरा नगर, सेक्टर-डी इंदिरा नगर, चर्च रोड स्थित शेखर अस्पताल के पास तथा फैजाबाद रोड पर सेक्टर-5 भूतनाथ क्षेत्र में पहुंचकर नालों की सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सफाई कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।

अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और पानी की निकासी सुचारु रूप से बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों से निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे लंबे समय तक न छोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि उसका तत्काल उठान कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने सफाई कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नाला सफाई का कार्य कराया जा रहा है, वहां स्थानीय निवासियों से प्रमाण-पत्र प्राप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित स्थान पर वास्तव में सफाई कार्य हुआ है। इससे कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।
नगर निगम के इस अभियान का उद्देश्य बरसात से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाना और नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाना है।



