Lucknow:अनंत नगर योजना के 540 भूखण्डों का लॉटरी से हुआ आवंटन*
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो सभागार में हुआ लॉटरी ड्रा

- अनंत नगर योजना के 540 भूखण्डों का लॉटरी से हुआ आवंटन
– इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो सभागार में हुआ लॉटरी ड्रा
– पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आवेदकों से निकलवायी गयी पर्चियां
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को अनंत नगर आवासीय योजना के 540 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो सभागार में हुये इस आयोजन में 5,181 आवेदकों के मध्य लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकाली गयीं। लॉटरी में अपने नाम की पर्ची निकलने पर आवेदकों के चेहरे खिल उठे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि अनंत नगर योजना में पहले 03 चरणों में लगभग 1283 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 29 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराके प्रतिभाग किया था। उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में आलोक खण्ड, आदर्श खण्ड और आकाश खण्ड के कुल 540 भूखण्डों के लिए 28 अप्रैल से 27 मई, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसके सापेक्ष 5,181 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो सभागार में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान आवेदकों के हाथों से ही ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयीं। साथ ही पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चौनल पर लाइव प्रसारण किया गया। उन्होंने बताया कि 288 वर्गमीटर के 178, 200 वर्गमीटर के 181 एवं 162 वर्गमीटर के 181 भूखण्ड लॉटरी से आवंटित किये गये। इस मौके पर अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, उप सचिव अतुल कृष्ण सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह एवं अनुभाग अधिकारी अतुल कपूर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 
अनंत नगर योजना की विशेषताएं
– उत्कृष्ट सडकों का नेटवर्क
– 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस
– स्वच्छ जल आपूर्ति
– भूमिगत लाइनों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति
– ईवी चार्जिंग स्टेशन
– सामुदायिक केन्द्र
– सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट
– जीरो लिक्विड डिस्चार्ज



