नगर निगम ने अपनी ही जमीन कराई कब्जे से मुक्त

बरावन कला में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 1.26 करोड़ की सरकारी जमीन कराई मुक्त
लखनऊ, 28 अप्रैल 2026। नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त संपत्ति द्वारा चलाए जा रहे नगर निगम की सरकारी भूमि पर कब्जा तथा अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत ग्राम बरावन कला में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन और अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई।
रास्ते की जमीन पर किया जा रहा था कब्जा
बरावन कला स्थित गाटा संख्या 1395 (क्षेत्रफल 0.089 हेक्टेयर) राजस्व रिकॉर्ड में “रास्ता” के रूप में दर्ज है। इस सार्वजनिक भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर और पौधरोपण के जरिए अवैध कब्जा किया जा रहा था।
चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त
नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से अवैध बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार ने किया। कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और सख्ती के साथ की गई।
संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
इस दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) रामेश्वर प्रसाद, तहसीलदार अरविंद पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक प्रदीप गिरी, लेखपाल अनुपम कुमार और अरविंद गौतम सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही नगर निगम की ईटीएफ (एनफोर्समेंट) टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
1.26 करोड़ की जमीन कराई गई मुक्त
इस कार्रवाई में कुल 0.089 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपये बताई जा रही है।
अभियान रहेगा जारी
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।



