लखनऊ

लखनऊ विकास प्राधिकरण की नई पहल: अब आसान होगा मानचित्र पास कराना, आर्किटेक्ट पैनल बनेगा

बिचौलियों की भूमिका होगी खत्म

लखनऊ: शहर में अब भवन का नक्शा पास कराना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इसके लिए नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है, जिसके तहत योग्य आर्किटेक्ट्स का पैनल बनाया जाएगा।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर आर्किटेक्ट्स के इम्पैनलमेंट के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद सेवा उपलब्ध कराना है।

बिचौलियों की भूमिका होगी खत्म

अब तक लोगों को निजी तौर पर आर्किटेक्ट ढूंढना पड़ता था, जिसमें कई बार बिचौलियों का दखल हो जाता था। इससे लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते थे और धोखाधड़ी की आशंका बनी रहती थी। नई व्यवस्था में एलडीए द्वारा चयनित आर्किटेक्ट्स की सूची उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सीधे प्रमाणित विशेषज्ञों से काम कराया जा सकेगा।

पंजीकृत आर्किटेक्ट ही कर सकेंगे आवेदन

एलडीए के अनुसार, केवल वही आर्किटेक्ट आवेदन कर सकेंगे जो काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर में पंजीकृत हैं। चयनित आर्किटेक्ट्स को जरूरत के अनुसार प्राधिकरण कार्यालय में वर्क स्पेस भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रक्रिया होगी तेज और पारदर्शी

एलडीए ने आर्किटेक्ट्स के लिए 75 रुपये प्रति वर्गमीटर की फीस तय की है। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले आर्किटेक्ट्स को 50 हजार रुपये तक का तिमाही इंसेंटिव भी दिया जाएगा।

नई व्यवस्था से मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया तेज, सरल और पारदर्शी होगी।”
— प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, एलडीए

Related Articles

Back to top button