लखनऊ: नैमिष नगर में चला बुलडोजर, 50 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ: नैमिष नगर में चला बुलडोजर, 50 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। (एलडीए) ने शनिवार को नैमिष नगर योजना क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए करीब 50 बीघा में विकसित की जा रही 7 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 और जोन-4 की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल और प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।
नैमिष नगर योजना क्षेत्र में कार्रवाई
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के अनुसार, सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर योजना को विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीदी जा रही है। इसी बीच कुछ निजी विकासकर्ताओं द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी, जिस पर एलडीए ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।
शनिवार को ग्राम सैदापुर, कमलापुर, फर्रूखाबाद और भौली में अभियान चलाकर गंगाराम, राम नरेश, जितेंद्र वर्मा, वंशराज यादव, मेहंदी हसन, मोहम्मद इमरान बेग और रामेश्वर यादव समेत अन्य द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
काकोरी में भी चला अभियान
वहीं प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। ग्राम शिवरी में लगभग 30 बीघा में विकसित 5 अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा ग्राम बेहटा में बृजेश पाल और लालू यादव द्वारा बनाए जा रहे 2 अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
अवैध निर्माण पर जारी रहेगी कार्रवाई
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि नैमिष नगर योजना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध प्लाटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
👉 एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।


