LDA की लकी ड्रॉ में चमकी किस्मत: नर्मदा अपार्टमेंट के 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस आवंटित
गोमती नगर विस्तार में नर्मदा अपार्टमेंट के फ्लैटों का आवंटन, लॉटरी में तय हुए मालिक

नर्मदा अपार्टमेंट के 312 फ्लैट और पेंटहाउस का लकी ड्रॉ से आवंटन, सैकड़ों आवेदकों की लगी निगाहें
लखनऊ। द्वारा गोमती नगर विस्तार स्थित नर्मदा अपार्टमेंट के फ्लैटों और पेंटहाउस का आवंटन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे, जहां 700 से अधिक आवेदनों के बीच 312 आवासों का आवंटन किया गया।
लकी ड्रॉ के जरिए 3 बीएचके + स्टडी के 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस आवंटित किए गए। ड्रॉ की प्रक्रिया के दौरान आवेदकों से ही पर्चियां निकलवाई गईं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। जिन आवेदकों का नाम निकला, उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि गोमती नगर विस्तार की G-20 रोड पर स्थित नर्मदा अपार्टमेंट में आधुनिक सुविधाओं के साथ आवास विकसित किए जा रहे हैं। यहां पार्किंग, निर्बाध बिजली आपूर्ति, लिफ्ट, किड्स प्ले एरिया और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही परिसर में ग्रीन पार्क भी विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण के अनुकूल हरित वातावरण बनाया जा सके।

लॉटरी कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इसे ऑनलाइन भी प्रसारित किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, विशेष कार्याधिकारी रविनंदन सिंह और देवांश त्रिवेदी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद आवेदकों ने पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई लॉटरी प्रक्रिया की सराहना करते हुए प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया।



