लखनऊ

लखनऊ में पॉलीथिन पर बड़ी कार्रवाई: आज़ाद मार्केट में चला अभियान, 16,700 का जुर्माना वसूला

लखनऊ में पॉलीथिन पर बड़ी कार्रवाई: आज़ाद मार्केट में चला अभियान, 16,700 का जुर्माना वसूला

लखनऊ। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार को प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। जोन-7 के मैथिली शरण गुप्त वार्ड में अयोध्या मार्ग स्थित आज़ाद मार्केट में चलाए गए विशेष अभियान में नगर निगम की टीम ने दुकानों और ठेलों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने की कार्रवाई की।

अभियान की अगुवाई कर अधीक्षक विनय मौर्य और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्रीमती संचिता मिश्रा ने की। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के साथ क्षेत्रीय सुपरवाइजर अश्वनी, राम श्रृंगार, ऋतिक और अविनाश भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद, वसूला गया ₹16,700 शमन शुल्क

टीम ने जांच के दौरान कई दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन पाए जाने पर मौके पर ही ₹16,700 का शमन शुल्क वसूला। अधिकारियों ने व्यापारियों को साफ चेतावनी दी कि दोबारा पॉलीथिन मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सीलिंग और मुकदमा दर्ज करने तक की तैयारी है।

नगर आयुक्त के निर्देश पर कड़ी निगरानी

अभियान नगर आयुक्त के निर्देश के तहत छेड़ा गया है। नगर निगम ने कहा कि यह संयुक्त प्लास्टिक-विरोधी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सके।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार—

“लखनऊ को प्लास्टिक मुक्त बनाना निगम की प्राथमिकता है। प्रतिबंधित पॉलीथिन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

नगर निगम की यह कार्रवाई बाजारों में पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग पर लगाम कसने की दिशा में मजबूत संदेश मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button