लखनऊ

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया जानकीपुरम की नहर रोड का औचक निरीक्षण

25 अगस्त तक हर हाल में पूरा करें कार्य : डा. नीरज बोरा

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया जानकीपुरम की नहर रोड का औचक निरीक्षण

25 अगस्त तक हर हाल में पूरा करें कार्य : डा. नीरज बोरा

लखनऊ। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. नीरज बोरा ने शनिवार को जानकीपुरम क्षेत्र अंतर्गत शुक्ला चौराहे से कुर्सी रोड (नहर रोड) तक चल रहे सीवर ट्रंक लाइन एवं सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों और मांगों के बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

₹18.18 करोड़ की लागत से हो रहा है सड़क का विकास

 

लगभग ₹1817.97 लाख (₹18.18 करोड़) की अनुमानित लागत से विकसित की जा रही यह सड़क परियोजना क्षेत्र के हजारों नागरिकों के लिए बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगी। निरीक्षण के दौरान डा. नीरज बोरा ने कहा कि जानकीपुरम की नहर रोड पूरे क्षेत्र की “जीवनरेखा” है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

25 अगस्त तक कार्य पूरा करने के दिए सख्त निर्देश

विधायक ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और 25 अगस्त 2026 तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।

निर्माण स्थल पर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था अनिवार्य

डा. बोरा ने निर्देशित किया कि जहां भी सीवर लाइन या सड़क निर्माण का कार्य चल रहा हो, वहां आम जनता के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नवरात्रि को देखते हुए व्यापारियों की परेशानी न बढ़े

आगामी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के कारण स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों के व्यवसाय पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। साथ ही जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने चल रहे कार्य को तीन दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

नगर निगम को सफाई, विद्युत विभाग को समन्वय के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों को मार्ग पर फैले कूड़े की तत्काल सफाई कराने और नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को सड़क निर्माण के साथ ही भूमिगत लाइन डालने का कार्य पूरा करने को कहा गया, ताकि भविष्य में नई सड़क की दोबारा खुदाई न करनी पड़े।

ग्रीन बेल्ट विकसित कर होगा सघन वृक्षारोपण

विधायक ने नगर निगम को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के साथ पूरी पट्टी पर ग्रीन बेल्ट विकसित करते हुए सघन वृक्षारोपण कराया जाए, जिससे क्षेत्र का पर्यावरण भी बेहतर हो सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशाषी अभियंता दिव्यांशु सिंह, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सुशील वर्मा, अधिशाषी अभियंता अरुण भारती, जलकल के अधिशाषी अभियंता मनोज कुमार, सुएज़ इंडिया के जोनल इंचार्ज (जोन-3) योगेश सिंह, नगर निगम/LSA के जोनल अधिकारी (जोन-3) मुकेश त्रिपाठी, नगर निगम के सुमित सिंह सहित जलकल, विद्युत एवं नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button