नगर निगम ने खाली कराई 10 करोड़ की जमीन-कई वर्षों से था कब्जा
मस्तेमऊ में नगर निगम का बुलडोजर एक्शन: 10 करोड़ की सरकारी जमीन कब्जे से मुक्त

मस्तेमऊ में नगर निगम का बुलडोजर एक्शन: 10 करोड़ की सरकारी जमीन कब्जे से मुक्त
राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम मस्तेमऊ, तहसील सरोजनी नगर क्षेत्र में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.113 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। नगर आयुक्त के निर्देशन में चल रही इस मुहिम को अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर अंजाम दिया गया।
बाउंड्रीवाल तोड़कर हटाया कब्जा
नगर निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। जांच में सामने आया कि ग्राम मस्तेमऊ (तहसील मोहनलालगंज) की गाटा संख्या 1151, 1150 और 1170 मि की जमीन, जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती दर्ज है, उस पर अवैध कब्जा किया जा रहा था।
अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
इस कार्रवाई में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) रामेश्वर प्रसाद, तहसीलदार नगर निगम अरविंद पांडेय, नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। लेखपाल राजू सोनी ने भी राजस्व अभिलेख उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग किया।
जनहित में होगा उपयोग
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, कब्जा मुक्त कराई गई यह जमीन भविष्य में जनहित और विकास परियोजनाओं के लिए उपयोग में लाई जाएगी।
सख्त चेतावनी
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिलेगी, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी



