FSDA का छापा-दीपावली–भाईदूज पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, ₹25 लाख से अधिक का माल सीज

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
दीपावली–भाईदूज पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, ₹25 लाख से अधिक का माल सीज
लखनऊ। जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश पर दीपावली एवं भाईदूज पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक बड़ी प्रवर्तन कार्यवाही की। इस दौरान खोया, पनीर, दूध, दुग्ध उत्पाद, मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, वनस्पति, घी तथा रंगीन मीठे खिलौनों की गुणवत्ता की जांच के लिए कई स्थानों का औचक निरीक्षण किया गया।
कार्यवाही में टीम ने 17 प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे हैं। इसके साथ ही कुल 13,256 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत ₹24,92,775, को सीज किया गया तथा 763 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत लगभग ₹4,22,504, को मौके पर विनष्ट कराया गया।
इन पर हुई कार्यवाहियाँ
- मंगलम एग्रो टेक, फतेहगंज से 253 टिन वनस्पति और 81 टिन रिफाइंड पामोलिन तेल (कुल 334 टिन) जब्त, कुल कीमत ₹6,64,275।
- श्री राम स्वरूप कोल्ड स्टोरेज, बीबीडी फैजाबाद रोड से चिलगोजा (50 किग्रा, ₹2 लाख) और खजूर (663 किग्रा, ₹2.07 लाख) सड़े पाए गए, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया।
- हरि राम एंड संस के खड़े मसाले (1859 किग्रा, ₹9.29 लाख) सीज किए गए।
- अन्य खाद्य पदार्थ — मूंगफली, हल्दी, सौंफ, काजू, छुहारा — की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उनकी निकासी व बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया।
- राजा जी खोया मंडी, नाका हिन्डोला से 50 किग्रा लावारिस खोया (₹15,000) को मौके पर गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया।
- गोकुल एग्रो रिसोर्सेज लिमिटेड, मोहिबुल्लापुर से महक ब्रांड पाम ऑयल 5878 किग्रा (₹8.22 लाख) और वीटालाइफ सोयाबीन ऑयल 509 किग्रा (₹76,080) सीज किया गया।
आगे की कार्यवाही
सभी एकत्र नमूनों को प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 (FSSA) के अंतर्गत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों से सतर्क रहें और संदिग्ध वस्तुओं की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें।



