लखनऊ में वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद शिकायतों की आई बाढ़-अब हो रहा धीरे धीरे निस्तारण

लखनऊ में वर्टिकल व्यवस्था के तहत बिजली उपभोक्ताओं को मिली त्वरित राहत
1912 हेल्पडेस्क पर दर्ज शिकायतों का तेजी से निस्तारण
लखनऊ, 23 दिसंबर 2025।
लखनऊ क्षेत्र में लागू की गई वर्टिकल व्यवस्था के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर, त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं। विभिन्न जोनों में सक्रिय हेल्पडेस्क के माध्यम से बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका समयबद्ध निस्तारण किया गया।
जानकीपुरम क्षेत्र
जानकीपुरम जोन में वर्टिकल व्यवस्था के तहत संचालित हेल्पडेस्क पर कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से बिजली आपूर्ति से जुड़ी 2 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं। आज 150 बिल संशोधन शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा झटपट पोर्टल पर 55 नए कनेक्शनों की तकनीकी आख्या अपलोड की गई,अन्य मामलों में भार वृद्धि के 35, नाम परिवर्तन के 15, स्थायी विच्छेदन के 5 और सोलर से संबंधित 65 आवेदनों का निस्तारण किया गया।बिजली बिल राहत योजना के अंतर्गत 66 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। उपभोक्ताओं ने फीडबैक में बिजली आपूर्ति सामान्य होने की पुष्टि की।
अमौसी क्षेत्र
अमौसी क्षेत्र में 1912 हेल्पडेस्क के माध्यम से कुल 8 हेल्पडेस्क सक्रिय रहे। सायं 4 बजे तक 163 शिकायतें दर्ज की गईं।
इनमें से 61 सप्लाई संबंधी शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान किया गया। 7 बिल संबंधी शिकायतों का उसी दिन निस्तारण कर दिया गया।
मीटर खराब होने की शिकायत पर मौके पर नया मीटर लगाकर समस्या का समाधान किया गया। उपभोक्ताओं ने त्वरित कार्यवाही पर संतोष जताया।
लखनऊ मध्य क्षेत्र
लखनऊ मध्य क्षेत्र में 15 नवंबर 2025 से लागू वर्टिकल व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। इस अवधि में 7715 बिल संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7313 का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतों पर कार्यवाही जारी है। बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के अंतर्गत सभी 48 विद्युत उपकेंद्रों से उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। 22 दिसंबर तक 706 उपभोक्ताओं ने योजना में पंजीकरण कराया। 1912 पर आज मीटर से जुड़ी 40, सप्लाई से जुड़ी 142 और बिल से जुड़ी 101 शिकायतें दर्ज हुईं।
गोमतीनगर क्षेत्र
गोमतीनगर क्षेत्र में बिजली बिल राहत योजना के तहत लगाए गए कैंपों का निरीक्षण किया गया और उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विश्वास खंड क्षेत्र में जर्जर तारों को बदला गया और विद्युत लाइनों पर पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई कराकर आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बनाया गया।
उपभोक्ताओं ने की व्यवस्था की सराहना
उपभोक्ताओं का कहना है कि वर्टिकल व्यवस्था लागू होने से अब किसी अधिकारी के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ती। 1912 पर शिकायत दर्ज करते ही समस्या का समाधान हो रहा है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।



