सपा नेत्री पूजा शुक्ला से भिड़ी बीएलओ – कहा होश में रहना, बीएलओ की भूमिका पर उठे सवाल, सपा नेत्री पूजा शुक्ला ने लगाए गंभीर आरोप

संवेदनशील बूथ पर बीएलओ की भूमिका पर उठे सवाल, सपा नेत्री पूजा शुक्ला ने लगाए गंभीर आरोप
रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी की नेत्री एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकी पूजा शुक्ला ने बूथ नंबर-5 से जुड़े एक गंभीर मामले को लेकर प्रशासन और भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) का ध्यान आकृष्ट कराया है। पूजा शुक्ला का आरोप है कि संबंधित बूथ पर तैनात महिला बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा लगातार भाजपा एजेंट की तरह कार्य किए जाने की शिकायतें मतदाताओं की ओर से मिल रही थीं।
पूजा शुक्ला के अनुसार, बूथ नंबर-5 के मतदाताओं ने यह भी आरोप लगाए हैं कि उक्त बीएलओ द्वारा जातिगत एवं धार्मिक टिप्पणियाँ की जाती रही हैं, जिससे मतदान केंद्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। मामला संवेदनशील होने के कारण जब पूजा शुक्ला स्वयं निस्तारण केंद्र पहुँचीं, तो उन्होंने मौके पर देखा कि बड़े अधिकारियों की उपस्थिति में भी महिला बीएलओ मतदाताओं से अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रही थी।
आरोप है कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं के साथ असंयमित व्यवहार किया जा रहा था और उन्हें डराने-धमकाने जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। पूजा शुक्ला ने बताया कि जब उन्होंने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो संबंधित महिला बीएलओ उनसे ही उलझ गई और कथित तौर पर कहा — “होश में रहना”, जिसे उन्होंने एक निर्वाचित प्रत्याशी के प्रति असम्मानजनक और धमकी भरा व्यवहार बताया।
पूजा शुक्ला का कहना है कि संवेदनशील मतदान केंद्र पर इस तरह के अधिकारियों की तैनाती से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऐसे लोगों को बैठाया जा रहा है ताकि माहौल खराब हो और मतदाताओं पर दबाव बनाया जा सके।
पूजा शुक्ला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की माँग की है। साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारी राजनीतिक रूप से निष्पक्ष रहें और मतदाताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले को संज्ञान में लिए जाने की बात कही जा रही है। अब देखना यह होगा कि भारत निर्वाचन आयोग इस गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है।
सोर्स-पूजा शुक्ला fb पेज



