लखनऊ में 1 नवंबर से लागू होगी वर्टिकल व्यवस्था — उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर विद्युत सुविधाएं

Ritesh Srivastava
लखनऊ में 1 नवंबर से लागू होगी वर्टिकल व्यवस्था — उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर विद्युत सुविधाएं
लखनऊ।
कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थवश मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत आगामी 1 नवंबर 2025 से लखनऊ में लागू होने वाली वर्टिकल व्यवस्था को निजीकरण से जोड़कर गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। निगम प्रशासन ने इस प्रकार की अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया है।
वास्तविकता यह है कि वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद विद्युत उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी। इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की शिकायतों — जैसे विद्युत आपूर्ति, बिल संशोधन, मीटर संबंधी समस्या, या नए संयोजन — का तेजी से समाधान करना है।
नई व्यवस्था में प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग अधिकारियों और कर्मचारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की गई है, जिससे जवाबदेही और कार्यक्षमता दोनों में वृद्धि होगी।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 1912 शिकायत हेल्पलाइन के साथ-साथ लखनऊ जनपद में 21 नई हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से उपभोक्ता अपनी समस्याओं का समाधान अधिक सहजता से करा सकेंगे।
निगम प्रशासन ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वर्टिकल व्यवस्था को निजीकरण से जोड़कर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और विद्युत कर्मियों को सुदृढ़ सेवा परिस्थितियां (service conditions) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि देशभर के सभी प्रमुख महानगरों और मेट्रो शहरों में यह व्यवस्था पहले से सफलतापूर्वक लागू है। उत्तर प्रदेश में भी मेरठ, बरेली, अलीगढ़ और कानपुर में वर्टिकल व्यवस्था पहले से प्रभावी है।



