लखनऊ में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारम्भ, 6270 प्रगणक और 1049 सुपरवाइजर मैदान में उतरे-नगर निगम निभा रही अहम भूमिका

लखनऊ में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारम्भ, 6270 प्रगणक और 1049 सुपरवाइजर मैदान में उतरे
लखनऊ। भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की नम्बरिंग” का शुभारम्भ गुरुवार को लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में विधिवत रूप से किया गया। यह कार्य नगर निगम के सभी 8 जोन और 110 वार्डों में एक साथ शुरू हुआ।
अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा 6270 प्रगणकों एवं 1049 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। सभी कर्मचारियों को जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सीधे मैदान में उतारा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह एवं विनय कुमार राय ने स्वयं वीआईपी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आवासों पर पहुंचकर मकान सूचीकरण का कार्य कराया। अधिकारियों ने नागरिकों को जनगणना के महत्व से अवगत कराते हुए सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
प्रथम दिन प्रगणकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर भवन की प्रकृति, उपयोग, परिवार के सदस्यों की संख्या सहित अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र करना शुरू किया। इस दौरान नागरिकों द्वारा भी प्रशासन को सहयोग दिया गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार, आईएएस ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि “शुद्ध आंकड़े, सशक्त भारत” के उद्देश्य के साथ नगर निगम निर्धारित समय सीमा में जनगणना कार्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।



