Lucknow:एलडीए में हुआ जनता अदालत का आयोजन, 30 प्रकरणों में से 09 का मौके पर हुआ निस्तारण

एलडीए में हुआ जनता अदालत का आयोजन, 30 प्रकरणों में से 09 का मौके पर हुआ निस्तारण
लखनऊ विकास प्राधिकरण में गुरूवार को प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान रजिस्ट्री, मानचित्र व अवैध निर्माण आदि से सम्बंधित कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष मामलों में समय-सीमा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। 
एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि जन सामान्य एवं आवंटियों की समस्याओं एवं उनके कार्यों को त्वरित गति से शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किये जाने के उद्देश्य से गुरूवार को प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में “प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत“ का आयोजन किया गया। जिसमें जनता की समस्याओं को सुना गया और इनके निस्तारण के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिये गये। 
इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार, वंदना पाण्डेय, देवांश त्रिवेदी एवं रंजना अवस्थी समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।



