प्रधानमंत्री की अपील का असर: विधायक ओपी श्रीवास्तव ने मेट्रो से किया सफर, दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

प्रधानमंत्री की अपील का असर: विधायक ओपी श्रीवास्तव ने मेट्रो से किया सफर, दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश

लखनऊ। प्रधानमंत्री द्वारा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील अब जनप्रतिनिधियों के व्यवहार में भी दिखाई देने लगी है। इसी क्रम में लखनऊ पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने सोमवार को सरकारी कार्य हेतु इंदिरा नगर से हजरतगंज तक मेट्रो ट्रेन से सफर किया।
विधायक ओपी श्रीवास्तव अपने आवास से मेट्रो के जरिए हजरतगंज पहुंचे और सरकारी कार्य पूरा करने के बाद पुनः मेट्रो द्वारा इंदिरा नगर लौटे। उनकी इस पहल को आम लोगों ने सराहनीय बताते हुए प्रेरणादायी कदम बताया।
मेट्रो यात्रा के दौरान विधायक ने आम यात्रियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को समझते हुए सार्वजनिक परिवहन को अपनाए, तो देश ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि मेट्रो ट्रेन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और राष्ट्रहित में उपयोगी व्यवस्था है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में स्थित मेट्रो स्टेशनों का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ प्रदूषण और यातायात की समस्या को भी कम किया जा सके।
विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश को आत्मनिर्भर और ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने दैनिक जीवन में ऐसे छोटे-छोटे प्रयास अपनाकर देशहित में योगदान देना चाहिए।
विधायक की इस पहल को लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में सकारात्मक चर्चा देखने को मिली और लोगों ने इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी संदेश बताया।



