लखनऊ

होली से पहले लखनऊ में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन-

रमजान–होली से पहले लखनऊ में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन

30,270 किलो खाद्य पदार्थ सीज, 50 लाख से अधिक का माल पकड़ा गया

लखनऊ, 24 फरवरी 2026। रमजान और होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ ने व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान आयुक्त के निर्देशों पर जिलाधिकारी लखनऊ के समन्वय से संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 30,270 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹50,42,645 है, को सीज किया गया। साथ ही 32 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

तेल पैकिंग यूनिट में 42 लाख से अधिक का माल सीज

इटौंजा स्थित बी.एन. इंटरप्राइजेज में निरीक्षण के दौरान बिना वैध प्रयोगशाला जांच के सरसों तेल और रिफाइंड सोयाबीन तेल की पैकिंग पाई गई। यहां 16,300 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल 9,081 लीटर सरसों तेल
को भ्रामक लेबलिंग और स्रोत स्पष्ट न होने के कारण सीज कर दिया गया। जब्त माल की अनुमानित कीमत ₹42,33,270 बताई गई है। परिसर में अस्वच्छ भंडारण भी पाया गया।

अवैध चायपत्ती गोदाम पर बड़ी कार्रवाई

सरोजिनी नगर क्षेत्र में बंधुआ तालाब मस्जिद के पास संचालित एक गोदाम से 8–5 कुंतल चायपत्ती (फास्ट, ठाकुर व गार्डेन फ्रेश ब्रांड) बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाई गई। लगभग ₹4 लाख मूल्य की चायपत्ती सीज की गई।

किराना व नमकीन प्रतिष्ठानों पर शिकंजा

दुबग्गा के बरावन कला स्थित श्री राम ऑयल एंड किराना स्टोर से 1123 लीटर सरसों तेल (₹2,02,140 अनुमानित) सीज।

मोहिबुल्लापुर स्थित हरियाणा गृह उद्योग से 338 किग्रा बेसन (₹43,940) व 128 किग्रा आटा (₹10,240) जब्त।
आशियाना स्थित क्षीर सागर से पनीर व खीर के नमूने लिए गए।

हरचंद्रपुर गढ़ी कनौरा में मक्खीजा नमकीन से 428 किग्रा नमकीन (₹51,360) सीज।

जलालपुर स्थित महादेव ट्रेडर्स से 1923 किग्रा मटर दाल (₹96,250) व 99 किग्रा रंगीन बूंदी (₹5,445) जब्त।

नादरगंज के श्याम उद्योग से स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने।
चारबाग खोयामंडी व कुमरावा बीकेटी से खोये के नमूने लिए गए, जिनमें से 17 किग्रा दुर्गंधयुक्त खोया (₹4,250) को नष्ट कराया गया।

बिना लाइसेंस प्रतिष्ठान बंद

दुबग्गा के भूहर ग्राम स्थित राधा इंटरप्राइजेज को बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

जागरूकता अभियान भी चला

खाद्य विभाग की मोबाइल लैब FSW (Food Safety on Wheels) के माध्यम से इंदिरानगर के लेखराज मार्केट में आमजन को मिलावट की पहचान के तरीके बताए गए। मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच कर लोगों को घरेलू परीक्षण विधियां समझाई गईं और जंक फूड व नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई।

संग्रहित 32 नमूनों को विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-II विजय प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
त्योहारों के मद्देनज़र विभाग की यह कार्रवाई मिलावटी खाद्य कारोबारियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button