लखनऊ-कुर्सी रोड पर जाम से मिलेगी राहत, पीडब्ल्यूडी बनाएगा डिवाइडर

कुर्सी रोड पर जाम से मिलेगी राहत, पीडब्ल्यूडी बनाएगा डिवाइडर रोड
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए कुर्सी रोड पर जाम की समस्या से निजात दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) कुर्सी रोड पर टेढ़ी पुलिया चौराहे से मामा चौराहे तक सड़क के बीच डिवाइडर बनाने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, टेढ़ी पुलिया चौराहे से अलीगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात विभाग ने लोक निर्माण विभाग से इस मार्ग पर डिवाइडर निर्माण का प्रस्ताव रखा था, जिस पर अब सहमति बन गई है।
इस संबंध में लखनऊ प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ ने बताया कि मामा चौराहे से टेढ़ी पुलिया चौराहे के बीच सड़क के मध्य डिवाइडर बनाया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में टेढ़ी पुलिया चौराहे से इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर जाने वाला मार्ग बंद है। यहां कुछ दिन पूर्व सड़क पर सीवर लाइन से जुड़ा गहरा सिविल कार्य चल रहा था, जिसके चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौजूदा समय में सारा डायवर्जन टेढ़ी पुलिया से विकास नगर की ओर किया गया है, जिससे कुर्सी रोड पर जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।
इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक विभाग ने पीडब्ल्यूडी से अनुरोध किया कि जहां-जहां डिवाइडर नहीं हैं, वहां डिवाइडर बनाए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
बताया जा रहा है कि यह डिवाइडर टेढ़ी पुलिया चौराहे से सब्जी मंडी होते हुए विकास नगर पार कर मामा चौराहे तक बनाया जाएगा। इसके निर्माण से गलत दिशा में वाहनों की आवाजाही रुकेगी और यातायात सुगमता के साथ संचालित हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक PWD के बजट से इस डिवाइडर का निर्माण जल्द ही शुरू कराया जाएगा



