Lucknow:प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर अंग्रेजी शराब की दुकान को नगर निगम ने किया सील-25 हजार जुर्माना मिलते ही फिर खोल दिया

रितेश श्रीवास्तव-ऋतुराज
लखनऊ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, शराब की दुकान पर छापा – प्रतिबंधित प्लास्टिक सामान मिलने पर ₹25 हज़ार जुर्माना
लखनऊ। मंगलवार को कैसरबाग बस अड्डे के पास अंग्रेजी शराब की कंपोजिट शाप पर लखनऊ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान के गोदाम पर छापेमारी की। छापे के दौरान नगर निगम टीम ने गोदाम से बड़ी मात्रा में पानी की बोतलें, पॉलीथिन और प्लास्टिक के गिलास बरामद किए। चूँकि ये सभी प्रतिबंधित श्रेणी में आते हैं, इसलिए नगर निगम ने दुकानदार पर ₹25 हज़ार का जुर्माना लगाया।

जुर्माने की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने नगर निगम टीम का कड़ा विरोध किया। मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने पर नगर निगम ने जुर्माना न चुकाने वाले दुकानदार की शराब की दुकान को अस्थायी रूप से सील कर दिया।
घटना की सूचना पर जोनल अधिकारी ओम प्रकाश मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद जब दुकानदार ने ₹25 हज़ार का जुर्माना जमा किया, तो नगर निगम ने दुकान की सील खोल दी।
इस कार्रवाई में नगर निगम जोन 1 से जोनल अधिकारी ओम प्रकाश, राजस्व निरीक्षक राजा भईया, राजेश पांडे, संजय सिंह, तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सतीश यादव मौजूद रहे।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में प्रतिबंधित पॉलिथिन और प्लास्टिक के सामान के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



