उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

Lucknow:पेडिस्ट्रियन ब्रिज पर खड़े होकर कर देख सकेंगे गोमती में चलती क्रूज का नजारा

पेडिस्ट्रियन ब्रिज पर खड़े होकर कर देख सकेंगे गोमती में चलती क्रूज का नजारा

अहमदाबाद की तर्ज पर गोमती रिवर फ्रंट पर बनेगा लगगभग 100 मीटर लंबा व 10 मीटर ऊंचा पेडिस्ट्रियन ब्रिज

एलडीए द्वारा आयोजित आर्किटेक्चर डिजाइन प्रतियोगिता में दिल्ली, गोवा, बंगलुरू समेत देश भर से आयी 24 डिजाइन

अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तरह लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर भी पेडिस्ट्रियन ब्रिज बनेगा। लगभग 100 मीटर लंबा व 10 मीटर ऊंचा यह ब्रिज नदी के एक छोर को दूसरे से जोड़ेगा। ब्रिज की डिजाइन बेहद आकर्षक व अनूठी हो, इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने आर्किटेक्चर डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की थी। जिसमें दिल्ली, गोवा व बंगलुरू समेत देश भर से 24 प्रविष्टियां आयी हैं। अब इसमें से सर्वश्रेष्ठ चुनी जाने वाली डिजाइन के आधार पर पेडिस्ट्रियन ब्रिज को आकार दिया जाएगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती रिवर फ्रंट पर पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए एडीसीपी आॅफिस के पास जगह चिन्हित की गयी है। जहां से नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक लगभग 100 मीटर लंबा, 15 मीटर चौड़ा व 10 मीटर ऊंचे ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। यह ब्रिज लखनऊ में पर्यटन का नया केन्द्र बनेगा। जहां पर लोग चहलकदमी करते हुए गोमती नदी व उस पर चलते क्रूज का नजारा देख सकेंगे। उपाध्यक्ष ने बताया कि ब्रिज की डिजाइन बेहद खास हो, इसके लिए आर्किटेक्चर डिजाइन प्रतियोगिता नवम्बर 2024 से खोली गयी थी। इसमें लखनऊ, दिल्ली, गोवा, गुरूग्राम व बंगलुरू समेत देश भर से 24 आर्किटेक्ट/आर्किटेक्चरल फर्म द्वारा डिजाइन भेजी गयी हैं। जिसमें से ज्यूरी पैनल ने प्रथम चरण की बैठक में 10 डिजाइन चयनित की हैं। अब द्वितीय चरण की बैठक में इसमें से एक सर्वश्रेष्ठ डिजाइन का चयन किया जाएगा। जिसके आधार पर गोमती रिवर फ्रंट का पेडिस्ट्रियन ब्रिज आकार लेगा।

देव सेतु, गोमती गेट-वे, कथक थीम ने लुभाया


उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए अलग-अलग तरह के आकर्षक थीम पर डिजाइन प्राप्त हुयी हैं। जिसमें से गोमती गेट-वे, कथक ब्रिज, देव सेतु, द नाॅट कनेक्टिंग, स्माइलिंग ब्रिज, तरंत सेतु, जश्न-ए-पुल व हेरिटेज वाॅक आदि थीम की डिजाइन ने ज्यूरी पैनल को खूब आकर्षित किया। ये सभी डिजाइन इतनी कलात्मक व प्रभावशाली थीं कि ज्यूरी पैनल को इनमें से टाॅप-10 डिजाइन का चुनाव करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ब्रिज पर बनेंगे व्यू प्वाइंट्स व डेक

उपाध्यक्ष ने बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ब्रिज पर केवल पैदल यात्रा व साइकिलिंग की जा सकेगी। कुछ ऐसी डिजाइन प्राप्त हुयी हैं, जिनमें लोगों की सुविधा के लिए ब्रिज पर पेडिस्ट्रियन प्लाजा, व्यू प्वाइंट्स, डेक, मनोरंजन के स्थान व बैठने की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। जिन्हें वरीयता देते हुए पेडिस्ट्रियन ब्रिज की डिजाइन का चयन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button