स्टार न्यूज़ भारत की खबर का बड़ा असर: नगर निगम जोन-3 ने लिया संज्ञान, सहारा स्टेट मार्ग के कूड़ा डंपिंग पॉइंट का निकाला समाधान

स्टार न्यूज़ भारत की खबर का बड़ा असर: नगर निगम जोन-3 ने लिया संज्ञान, सहारा स्टेट मार्ग के कूड़ा डंपिंग पॉइंट का निकाला समाधान
लखनऊ। लगातार प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही खबरों का असर अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है। जानकीपुरम स्थित सहारा स्टेट मार्ग पर पिछले कई महीनों से बने अस्थायी कूड़ा डंपिंग पॉइंट को लेकर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों पर आखिरकार नगर निगम जोन-3 ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जोनल अधिकारी अजीत राय ने मामले का संज्ञान लेते हुए सभी डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे अब उक्त स्थान पर कूड़ा नहीं डालेंगे। इससे लंबे समय से सड़क किनारे लगने वाले कूड़े के ढेर और उससे होने वाली दुर्गंध व गंदगी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही, कूड़ा उठाने के दौरान आधे से अधिक हिस्से में जेसीबी से सड़क खोद दिए जाने के कारण राहगीरों को काफी परेशानी हो रही थी। अब नगर निगम के अभियंत्रण विभाग द्वारा उस स्थान पर मलबा डालकर सड़क को समतल करने का कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे आवागमन सुचारु हो सके।
गौरतलब है कि स्टार न्यूज़ भारत पिछले कई महीनों से इस समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाता रहा। समाचारों के माध्यम से स्थानीय लोगों की परेशानी और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया, जिसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी शहर की ऐसी जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।



