नगर आयुक्त के निर्देश पर जोन-3 में सफाई महाअभियान, सड़क से कूड़े तक हर व्यवस्था पर फोकस

लखनऊ। नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में लखनऊ नगर निगम के जोन-3 में व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। जोनल अधिकारी अजीत राय ने साफ शब्दों में कहा कि अगले एक महीने के भीतर जोन-3 की सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार दिखाई देगा। इसके लिए अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को लगातार फील्ड में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में जानकीपुरम प्रथम वार्ड स्थित सहारा स्टेट रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (CTAO) अशोक सिंह, जोनल अधिकारी अजीत राय तथा LSA के जोनल अधिकारी मुकेश त्रिपाठी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पीसीसी (PCC) सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
बताया गया कि अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की थी। उसी के अनुपालन में नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने जोन-3 के विभिन्न पड़ाव घरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कूड़ा उठान, सफाई व्यवस्था और जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय सफाई कर्मी भी मौजूद रहे और उन्हें नियमित सफाई, कूड़े के समयबद्ध निस्तारण तथा जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जोन-3 को स्वच्छ, व्यवस्थित और जलभराव मुक्त बनाना है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
रिपोर्ट: रितेश श्रीवास्तव ‘ऋतुराज’



