गोमती नगर को जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत, एलडीए ने 85 करोड़ की परियोजना शुरू की

गोमती नगर को जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत, एलडीए ने 85 करोड़ की परियोजना शुरू की
लखनऊ। गोमती नगर और गोमती नगर विस्तार के लाखों निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने आईआईटी रुड़की की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर लगभग 85 करोड़ रुपये की लागत से नालों के सुदृढ़ीकरण और क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू करा दिया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विनय खंड, विनीत खंड, विराज खंड और विनम्र खंड में आरसीसी नालों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। विभूति खंड स्थित हाईकोर्ट क्षेत्र में जलभराव रोकने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान परिसर में 40 लाख रुपये की लागत से सम्पवेल भी विकसित किया गया है।
इस परियोजना से गोमती नगर और गोमती नगर विस्तार की लगभग 15 लाख आबादी को बरसात के मौसम में जलभराव से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही विनम्र खंड में लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में 4 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कम्यूनिटी सेंटर और पार्क का निर्माण भी कराया जाएगा। उपाध्यक्ष ने दिसंबर 2026 तक इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में पुलिस मुख्यालय के पीछे क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और मलेशेमऊ क्षेत्र में नई ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के विकास कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
ये मिलेगा फायदा
- 85 करोड़ रुपये से नालों का सुदृढ़ीकरण।
- 15 लाख लोगों को जलभराव से मिलेगी राहत।
- 2 एकड़ में बनेगा आधुनिक कम्यूनिटी सेंटर और पार्क।
- पुलिस मुख्यालय के पास सड़क की होगी मरम्मत।
- एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण।



